आस्था और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा।
इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना में सम्मिलित होंगे। कपाट उद्घाटन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। यात्रा मार्गों पर सड़कों की मरम्मत, यातायात प्रबंधन, पैदल मार्ग पर शौचालय, पेयजल, आवास और खान-पान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही विद्युत और सोलर लाइट की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे रात्रि में भी आवागमन सुगम बना रहे।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत प्रत्येक दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र (एमआरपी) स्थापित किए गए हैं, जहां जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध होगा। स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक शौचालयों और गर्म पानी की व्यवस्था भी की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। यात्रा मार्गों और धाम क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा का अनुभव मिल सके।
उल्लेखनीय है कि कपाट खुलने से एक दिन पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली धाम पहुंच रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण चरम पर पहुंच गया है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
