बाबा केदारनाथ की चलविग्रह उत्सव डोली शनिवार को विधि-विधान और पौराणिक धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। इसके साथ ही बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम भी शुरू हो गया है। अब आगामी छह माह तक शीतकाल में बाबा केदारनाथ की पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। शीतकाल में बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होती है। यह अवसर सभी श्रद्धालुओं के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक गौरव का प्रतीक है।

विधायक ने बाबा केदारनाथ से समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा केदारनाथ की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।