कुंभ मेला-2027 में जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मेला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अखाड़े के पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित पेशवाई मार्ग से लेकर रमता पंचों के विश्राम स्थल और छावनी तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मार्ग सुधार, यातायात, पेयजल, बिजली, सफाई और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया गया।

पांडेवाला स्थित गुघाल मंदिर परिसर में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अधिकारियों और अखाड़े के संतों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद पेशवाई की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने पांडेवाला मंदिर से जूना अखाड़े की छावनी तक जाने वाले पारंपरिक मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, संकरे रास्तों और संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में श्यामपुर स्थित रमता पंचों के विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रस्थान और वहां से छावनी तक की व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। पेशवाई में शामिल होने वाले साधु-संतों, अखाड़े के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यातायात प्रबंधन और निर्बाध आवागमन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

निरीक्षण के दौरान मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर और अग्निशमन प्रबंधों की समीक्षा की गई। इसके अलावा रास्ते में आने वाले पेड़ों की लॉपिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा हुई।

अधिकारियों ने जूना अखाड़े के अध्यक्ष प्रेमगिरि महाराज, उपाध्यक्ष महेश पुरी, सचिव शैलेन्द्र गिरि महाराज और महंत भास्कर पुरी से व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए। अखाड़े के पदाधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की पेशवाई धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती हैं। इन आयोजनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ कुंभ उमेश मलिक, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की और मेला अधिष्ठान के व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।