मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के समीप निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। हाल ही में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए इस महत्वपूर्ण पुल के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित समयसीमा में पुल निर्माण के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों का आवागमन होता है।
अस्थायी व्यवस्था जल्द ही पूर्ण
मुख्यमंत्री ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से आवागमन हेतु बेली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह अस्थायी व्यवस्था जल्द ही पूर्ण कर दी जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
प्राथमिकता के आधार पर किया गया पुल निर्माण
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में सड़क एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयासरत है और विभिन्न परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का मिले अनुभव
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आगामी चारधाम यात्रा एवं आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
सीएम ने नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
