विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में बाबा केदारनाथ की पावन डोली आज मंदिर प्रांगण पहुंच गई है। डोली के धाम पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल और अधिक गहरा हो गया है। बड़ी संख्या में देश-विदेश से आए श्रद्धालु भी बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंच चुके हैं।
डोली के आगमन के साथ ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की प्रक्रिया तेज हो गई है। पुजारियों एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। धाम में “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है।
प्रशासन और बदरी-केदार मंदिर समिति ने कपाट उद्घाटन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें आवास, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा प्रबंधन शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, कल प्रातःकाल 22 अप्रैल को ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के इस पावन अवसर को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा अपने पूर्ण स्वरूप में प्रारंभ हो जाती है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान नियमों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
