मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बड़ा मंच उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों जैसे स्थानीय उत्पाद देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें।

सात दिवसीय मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गौचर पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेले की शुरुआत वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ मेले का स्वरूप विस्तृत हुआ और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

धामी ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह प्रदेश की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों की मेहनत का परिणाम है। सरकार कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से युवाओं को गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। इसके लिए पर्यटन नीति, होम स्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने चमोली को भगवान बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि बताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। चारधाम सड़क परियोजना से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर हो रहा है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह भी किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया।

दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत-2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना और गैरसैंण में 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरी की गई नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इनसे दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचंद्र गौड़, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।