भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस 26 नवंबर को देहरादून में विशाल रैली निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में निकलने वाली रैली के माध्यम से राज्यपाल को हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज सौंपे जाएंगे। कांग्रेस ने इस अभियान को मंडलम और बूथ स्तर तक विस्तारित करते हुए 22 नवंबर तक चलाने का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि प्रदेशभर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। सभी जिला, महानगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को अपने क्षेत्रों में मंडलम एवं बूथ स्तर तक अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज और बैनर 23 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने होंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन करते हुए अब 23 नवंबर के बजाय 26 नवंबर को राज्यपाल को दस्तावेज सौंपे जाएंगे।
भंडारी के अनुसार, 26 नवंबर को सुबह 10 बजे प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन, देहरादून में एकत्रित होंगे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली के जरिए भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में जुटाए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।
उन्होंने सभी जिला, महानगर और ब्लॉक अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। भंडारी ने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान जनहित और लोकतांत्रिक जवाबदेही की लड़ाई है।

