Uttarakhand: हीटवेव के चलते हरिद्वार में स्कूलों के समय में बदलाव, बच्चों की सुरक्षा हेतु निर्देश जारी

हरिद्वार जनपद में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शासन के निर्देशों के क्रम में 27 अप्रैल से 26 मई तक नई समय-सारणी लागू करने के आदेश जारी किए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की कक्षाएं प्रातः 7:30 बजे से 12:30 बजे तक संचालित होंगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके तहत विद्यालयों में नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राएं समय-समय पर पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके। साथ ही सभी स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था रखने, छात्रों को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने तथा तेज धूप के दौरान खेल-कूद और बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अवकाश के बाद छात्रों को समूह में घर भेजा जाए, जिससे किसी आपात स्थिति में एक-दूसरे की सहायता मिल सके।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय-सारणी का पालन करते हुए इन सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि भीषण गर्मी के दौरान बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *