राजधानी देहरादून में शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हजारों महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर देहरादून तक निकाली गई जन आक्रोश पदयात्रा में भी शामिल हुए।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को उनके अधिकार दिलाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया था, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के कारण यह पारित नहीं हो सका। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि षड्यंत्र के तहत महिलाओं के अधिकारों को बाधित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की नारी अब अपने अधिकारों के प्रति सजग हो चुकी है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप योजना और लखपति दीदी जैसी पहलों ने करोड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को नए भारत के निर्माण का आधार माना है, जिसके परिणामस्वरूप आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश की एक आदिवासी बेटी सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची है और निर्मला सीतारमण जैसे नेताओं को महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य सरकार की पहल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड में महिलाओं के कल्याण के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
