उत्तराखंड के महाविद्यालयों में चल रहे छात्र संघ चुनावों के बीच प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर पुलिस प्रशासन के दुरुपयोग और कांग्रेस समर्थित छात्र नेताओं-कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने व गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
गोदियाल ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और छात्रों की राजनीतिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संभावित हार को देखते हुए कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों के नेताओं और प्रत्याशियों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। चुनावी माहौल में पुलिस के माध्यम से गिरफ्तारियां, पूछताछ और मुकदमों के जरिए भय का वातावरण बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्र अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। चुनाव के दौरान राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर किसी संगठन को कमजोर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस की भूमिका निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने तक सीमित रहनी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी के राजनीतिक इस्तेमाल की प्रवृत्ति को अब विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र संघ चुनावों तक ले आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन के जरिए छात्र संगठनों के चुनावी अधिकारों को प्रभावित करना उचित नहीं है।
प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी
गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि छात्र संघ चुनावों को प्रभावित करने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग जारी रहा तो कांग्रेस इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
