वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के तहत 10 अगस्त को प्रस्तावित कांवड़ यात्रा से पहले कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को हरिद्वार में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

रेखा आर्या ने बताया कि 10 अगस्त को हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर तक विशेष कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने की कामना के साथ जनजागरण का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत को खेल महाशक्ति बनाने और ओलंपिक मेजबानी दिलाने के राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि से उठने वाला यह संकल्प देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों को नई प्रेरणा देगा।

इस अवसर पर संतों ने भी भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने की कामना करते हुए रेखा आर्या को आशीर्वाद दिया और उनके अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।