दीपावली के पावन पर्व पर बदरीनाथ धाम में मां लक्ष्मी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक और विशेष पूजन किया गया। मुख्य पुजारी रावल के सानिध्य में धर्माचार्यों ने वेदपाठ और विभिन्न मंत्रों के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद भगवान बदरी विशाल के खजाने और धन के देवता कुबेर की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। दीपावली के उल्लास में मंदिर परिसर को दीपों से रोशन किया गया। श्रद्धालुओं के साथ ही बदरीनाथ होटल संगठन की ओर से भी मंदिर परिसर में दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से बदरीनाथ धाम का वातावरण भक्तिमय हो उठा। वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की जगमगाहट के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल और मां लक्ष्मी के दर्शन कर पर्व की खुशियां मनाईं।

