मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट के तीन मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। 10 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और नगर स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से लोकभवन तक पदयात्रा निकालेंगे और हस्ताक्षरयुक्त बैनर व पंपलेट राज्यपाल को सौंपेंगे। कांग्रेस ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाने का निर्णय लिया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने शनिवार को बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में 10 से 15 नवंबर तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी एवं डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे। इसके लिए छह गुणा 15 फीट के बैनर और निर्धारित पंपलेट तैयार किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी जिला और ब्लॉक इकाइयों को हस्ताक्षरयुक्त बैनर व पंपलेट 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में पदयात्रा निकालकर इन्हें राज्यपाल को सौंपा जाएगा।

अभियान के अंतिम चरण में 25 से 30 नवंबर तक जिला और महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सांकेतिक अदालतें लगाई जाएंगी। इनमें भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए जाएंगे।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि अभियान की जिम्मेदारी जिला और विधानसभा प्रभारियों को सौंपी गई है। सभी जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियों को इसमें सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।