प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते बदरीनाथ और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। चमोली जिले में हेलंग के पास बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है।
वहीं उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैंड, दुर्बिल और जंगल चट्टी के पास लगातार पत्थर और मलबा गिरने से बाधित है।
प्रशासन के अनुसार दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों को जल्द सुचारु करने के लिए मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
अधिकारियों ने यात्रियों से मौसम की स्थिति और मार्ग की अद्यतन जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
