मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।

सम्मानित खिलाड़ियों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक), जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक) तथा उनके प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, सतीश चंद्र शर्मा, पुनेश कुमार सिंह और भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानंद बेलवाल शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है, वहीं प्रशिक्षकों और परिवारों की भूमिका भी इसमें महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रशिक्षण, उपकरण, छात्रवृत्ति और पुरस्कार राशि जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।:::