साइबर अपराध नियंत्रण और तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्तराखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की प्रगति समीक्षा बैठक में जारी 1 जनवरी से 31 जुलाई की स्टेट/यूटी परफॉर्मेंस मैट्रिक्स के अनुसार उत्तराखंड साइबर अपराध प्रबंधन में देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की सुशासन आधारित कार्यसंस्कृति और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस भविष्य में भी नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी।
गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की ओर से किए गए मूल्यांकन में एस-4-सी की स्थापना, ई-जीरो एफआईआर, मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल, शिकायत निस्तारण, सहयोग पोर्टल, साइबर जागरूकता अभियान और सूचना साझाकरण जैसे मानकों पर उत्तराखंड का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इसे राज्य पुलिस के समन्वित और तकनीक आधारित प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
