श्रावण मास कांवड़ मेला के पांचवें दिन हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा। मेला पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार मंगलवार को 32 लाख 25 हजार कांवड़िये पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों की कुल संख्या 1 करोड़ 9 लाख 10 हजार पहुंच गई है।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों का पालन करने, पुलिस और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग देने की अपील की है।
