श्रावण कांवड़ मेला के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा और चरण प्रक्षालन कर स्वागत किया। हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जबकि अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच कांवड़ियों के चरण पखारकर उनका सम्मान किया और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर स्वयं भोजन भी परोसा।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविरों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस अवसर पर कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया।
