उत्तराखंड में चारधाम के साथ अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 की पहली छमाही में जागेश्वर धाम (अल्मोड़ा) और त्रियुगीनारायण मंदिर (रुद्रप्रयाग) में दर्शनार्थियों की संख्या ढाई गुना तक बढ़ी है। वहीं पूर्णागिरि धाम में करीब डेढ़ गुना और धारी देवी मंदिर में लगभग दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रदेश में चारधाम यात्रा भी नए कीर्तिमान बना रही है। यात्रा के 105 दिनों में 45.84 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।
यमुनोत्री धाम में दो अगस्त तक 6.54 लाख यात्रियों ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है, जबकि बद्रीनाथ धाम में यात्रा के पहले 100 दिनों में 15.52 लाख श्रद्धालु पहुंचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में तीन लाख से अधिक हैं।
पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश में दो माह के भीतर 52 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि नैनीताल के कैंची धाम में जनवरी से जून के बीच 24.34 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए प्रमुख मंदिरों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
