राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोदियाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान से उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ, लेकिन शहीदों की भावनाओं के अनुरूप राज्य का निर्माण करना अभी बाकी है। उन्होंने राज्य की स्थायी राजधानी का चयन नहीं होने और स्थापना दिवस छह नवंबर को मनाने की परंपरा शुरू करने पर भी भाजपा सरकार को घेरा।
गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, छात्र शक्ति और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मसूरी, खटीमा और मुजफ्फरनगर गोलीकांड के शहीदों ने आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया। राज्य निर्माण में प्रदेश के सभी वर्गों के साथ देशभर में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों का भी योगदान रहा है। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में विकास की बुनियाद रखी। विभागीय ढांचे तैयार करने के साथ वार्षिक योजना का आकार 900 करोड़ से बढ़ाकर पांच हजार करोड़ रुपये किया गया। औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ाए गए। टिहरी बांध, मनेरी भाली और धौलीगंगा जल विद्युत परियोजनाओं का काम पूरा कर प्रदेश को बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाए गए।
गैरसैंण और स्थापना दिवस पर भी उठाए सवाल
गोदियाल ने कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ को गठन के समय ही स्थायी राजधानी मिल गई थी, लेकिन उत्तराखंड में अब तक स्थायी राजधानी का चयन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गैरसैंण में विधानसभा भवन का निर्माण कराते हुए नवंबर 2015 में वहां विधानसभा सत्र आयोजित किया था। वर्ष 2017 का बजट सत्र भी गैरसैंण में आयोजित करने का संकल्प लिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार राजधानी के मुद्दे पर केवल गुमराह करती रही है।
उन्होंने छह नवंबर को राज्य स्थापना दिवस मनाने की परंपरा शुरू करने पर भी आपत्ति जताई। कहा कि सरकार के इस फैसले से राज्य आंदोलन से जुड़े लोगों को दुख पहुंचा है। भविष्य में ऐसा नहीं होना चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि 27 वर्षों की यात्रा में प्रदेश ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। आज भी महिलाओं और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने, पलायन रोकने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
कार्यक्रम में गोदियाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और राज्य आंदोलनकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, मोहन सिंह खत्री, वीरेंद्र पोखरियाल, जगमोहन सिंह नेगी, नवीन जोशी, संजय कनौजिया, संग्राम सिंह पुंडीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

