पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को लेकर शनिवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
मायापुर हाट-सियासैण में हुई बैठक में श्रमिकों ने आर्थिक सहायता के साथ दीर्घकालिक आजीविका की व्यवस्था, घायलों का निःशुल्क उपचार और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को हादसे के बाद परिवारों के सामने पैदा हुई परिस्थितियों से अवगत कराया।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने और घायल श्रमिकों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की।
मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव अभियान के साथ प्रभावित परिवारों को दी जा रही सहायता और घायलों के उपचार की जानकारी ली।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज, परिजनों से समन्वय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
मंत्री ने कहा कि सरकार हादसे के प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है। उनकी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश समेत टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
