माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के द्वितीय पुष्प में देश-विदेश से 30 हजार से अधिक गायत्री परिवार के कार्यकर्ता और परिजन हरिद्वार पहुंचेंगे। 21 और 22 नवंबर को शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और विदेशों में सक्रिय गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शांतिकुंज और देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
समारोह की तैयारियां तेज
समारोह के लिए कार्यक्रम स्थल, आवास, भोजनालय, यातायात, अतिथि सत्कार और मीडिया सेंटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शांतिकुंज के कार्यकर्ता और परिजन आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। समारोह के माध्यम से माता भगवती देवी शर्मा के जीवन दर्शन, आदर्शों और उनके की ओर से पोषित युग निर्माण अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
तीन महत्वपूर्ण शताब्दी पर्वों का त्रिवेणी संगम
जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया कि यह आयोजन तीन महत्वपूर्ण शताब्दी पर्वों का त्रिवेणी संगम है। इसमें वंदनीया माताजी की जन्मशताब्दी, अखंड दीप के प्राकट्य के सौ वर्ष और युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के सौ वर्ष शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से सेवा, साधना, संस्कार और सामाजिक परिवर्तन के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी।
माताजी का पूरा जीवन समाज निर्माण के लिए समर्पित
उन्होंने बताया कि माताजी ने अपना संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, साधना, सेवा और नारी जागरण के माध्यम से समाज निर्माण के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी गायत्री परिवार के करोड़ों परिजनों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मनाया शेफाली पंड्या का जन्मदिन
जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियों के बीच बुधवार को शांतिकुंज महिला मंडल की प्रमुख शेफाली पंड्या का जन्मदिन सादगी और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिला मंडल की बहनों ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या, शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेंद्र गिरी सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद शेफाली पंड्या ने देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में उस स्थल पर वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न किया, जहां 21 और 22 नवंबर को जन्मशताब्दी समारोह का आयोजन होना है। उन्होंने समारोह की सफलता, विश्व शांति और लोकमंगल की कामना की।

