उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की जांच कर नाम, पता और अन्य विवरणों में गड़बड़ियों को चिह्नित करेंगे। साथ ही एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नामों की भी जांच कर नियमानुसार अतिरिक्त प्रविष्टियां हटाई जाएंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए नाम जुड़वाने को फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरना होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता। इसलिए मतदाता अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरणों की जांच जरूर करें। किसी प्रकार की गलती मिलने पर संबंधित बीएलओ को फार्म-8 उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील और बीएलओ के पास उपलब्ध है। मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर भी अपना नाम और विवरण देख सकते हैं। उन्होंने लोगों से मतदाता सूची से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचने की अपील की।

