पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने 18 नवंबर को देहरादून में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। उन्होंने सरकार से लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और घायल जवानों को उचित उपचार व मुआवजा देने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में गोदियाल ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ये जवान प्रदेश की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। इसके बावजूद सरकार उनके रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आंदोलनकारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करे, लेकिन भाजपा सरकार बातचीत के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है। प्रदेश की सेवा करने वाले जवानों को अपनी ही सरकार के सामने न्याय की गुहार लगाने पर लाठियां खानी पड़ रही हैं।
गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन जनसंघर्षों और आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान से हुआ है। ऐसे प्रदेश में अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों पर बल प्रयोग करना राज्य निर्माण की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने सरकार से पीआरडी जवानों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने और उनके रोजगार, सेवा सुरक्षा व सम्मानजनक भविष्य को सुनिश्चित करने की मांग की। गोदियाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पीआरडी जवानों के न्यायोचित संघर्ष के साथ खड़ी है। लाठीचार्ज से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि जनता और सरकार के बीच अविश्वास बढ़ता है। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर संवेदनशीलता के साथ जवानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

