कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन और स्नान की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में सड़कों, घाटों, फुटपाथों और चौराहों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के कार्य तेज किए जा रहे हैं। पंतद्वीप से लालजीवाला तक राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर पैदल पुल बनाने की योजना पर भी तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और अन्य अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति परखी।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और फुटपाथों पर आवागमन में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को तत्काल शिफ्ट करने को कहा, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।

मेलाधिकारी ने आइरिस पुल के निकट एडमिन रोड, बैरागी कैंप, एनएच सर्विस लेन और शंकराचार्य चौक मार्ग के जंक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों पर सड़क और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के बीच उपलब्ध भूमि को व्यवस्थित कर पार्क विकसित करने तथा स्नान के लिए घाट को बेहतर बनाने को कहा। प्रवेश द्वार के पास पुराने कमरों को प्रसाधन और चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक को जोड़ने वाली सड़क का सुधार कार्य जल्द पूरा करने और क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी करने को कहा। शंकराचार्य चौक पर चल रहे सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग के कार्यों की भी समीक्षा की।

कनखल मार्ग पर सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए मेलाधिकारी ने बेतरतीब खड़े विद्युत एवं अन्य पोल हटाने के निर्देश दिए। डाम कोठी रोड के चौड़ीकरण और आसपास के घाटों के अनुरक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया।

पंतद्वीप में जनसुविधाओं पर जोर

पंतद्वीप में यूआईआईडीबी की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मेलाधिकारी ने शौचालयों और अन्य जनसुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने एनएच अधिकारियों से राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की जानकारी ली और पंतद्वीप से लालजीवाला तक पैदल आवागमन के लिए हाईवे के ऊपर पैदल पुल बनाने की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने की अपेक्षा की।

इसके अलावा बैरागीवाला और दक्षद्वीप क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों के साथ पुलों और घाटों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागों को शेष कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने और निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।