मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और स्वीकृति का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, हवाई सेवाओं, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र की योजनाओं को गति देने के लिए प्रधानमंत्री के समक्ष राज्य का पक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण और चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार में सहयोग मांगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार का सहयोग प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने राज्यहित में विभिन्न योजनाओं के लिए मिल रहे सहयोग पर प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कुमाऊं क्षेत्र में कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे को स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रैक टनल निर्माण, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण की मांग रखी। उन्होंने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर भी विचार करने का आग्रह किया। देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण और सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मांगा। साथ ही आयुष मंत्रालय के प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक की स्थापना ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में कराने का आग्रह किया।

कुंभ और अन्य परियोजनाओं के लिए जताया आभार

धामी ने कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये और एसएएससीआई के तहत करीब 9500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने आरडीएसएस योजना के तहत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत प्रणाली को मजबूत करने के लिए 3436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति, चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये और चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर एटीसी टावर की व्यवस्था के लिए भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने देहरादून रिंग रोड की करीब 1200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन, देहरादून-मसूरी रोपवे की वन स्वीकृति प्रक्रिया, ऊर्जा एवं जल विद्युत परियोजनाओं, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में केंद्र के सहयोग का उल्लेख किया।

पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की जानकारी दी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में पर्यटन गतिविधियों और निवेश की संभावनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा चोपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में भी नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है।

आध्यात्मिक पर्यटन के लिए पौड़ी के बेलकेदार, टिहरी के अंजनीसैंण एवं टिहरी क्षेत्र और चंपावत के लोहाघाट एवं श्यामलाताल को चिह्नित किया गया है। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम के गद्दी स्थलों से यात्रा संचालित करने और जीएमवीएन-केएमवीएन के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत छूट देने की जानकारी भी दी।

धामी ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की उपलब्धियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और इसके उत्पाद अमेजन, जियोमार्ट, बिग बास्केट, ब्लिंकिट तथा ओएनडीसी जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में क्लस्टर विद्यालयों के विकास, भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत 379 मेधावी विद्यार्थियों के शैक्षिक भ्रमण और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार काम कर रही है।