पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने अटल जी के राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता और संवेदनशील कवि होने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में उच्च आदर्शों और मूल्यों की स्थापना की। उनकी दूरदर्शी सोच और सरल व्यक्तित्व ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत किया। उन्होंने भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।