चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में फंसे दो श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। रविवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक की। इससे पहले उन्होंने शनिवार को घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया और बचाव दलों को हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने टनल के भीतर चल रहे अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से कहा कि बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उपलब्ध मशीनरी और संसाधनों का समन्वित तरीके से इस्तेमाल करते हुए दोनों श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से भी किया संवाद

मदन कौशिक ने टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मृत श्रमिकों को दी श्रद्धांजलि

रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक की शुरुआत टनल हादसे में मृत श्रमिकों को श्रद्धांजलि देकर की गई। दो मिनट का मौन रखकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

बैठक में पीपलकोटी टनल हादसे और तमकनाले की घटना की विस्तृत समीक्षा की गई। टीएचडीसी, एनटीपीसी और बीआरओ के अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान, उपलब्ध संसाधनों और आपसी समन्वय की जानकारी ली गई। मंत्री ने चमोली की संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभागों को आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ब्रह्मसैंण में भूस्खलन का भी जायजा

इससे पहले मंत्री ने गोपेश्वर के समीप ब्रह्मसैंण क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित आवासीय क्षेत्र की स्थिति देखी और अधिकारियों को सुरक्षा व एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।