ज्योतिर्मठ तहसील के ग्राम लोंग सेगड़ी के पास तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद आए तेज बहाव और मलबे में लापता हुए चालक पंकज रुधौला की तलाश के लिए जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार सघन खोजबीन में जुटी हैं।
पंकज रुधौला सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में चालक के पद पर तैनात थे। तेज बहाव की चपेट में आने के बाद वह लापता हो गए। उनकी तलाश में नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं और अन्य संभावित स्थानों को चिन्हित कर अभियान चलाया जा रहा है।
ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और भारी मशीनरी की मदद
रेस्क्यू अभियान में दो 20 टन क्षमता के एक्सकेवेटर, एक 7 टन एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के 25 से अधिक जवान और बीआरओ के 20 से अधिक जवान जुटे हैं। इसके अलावा दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी अभियान में सक्रिय हैं। दुर्गम क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन का भी उपयोग किया जा रहा है।
भारी बोल्डरों और मलबे को मशीनों से हटाकर हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है। जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए सर्च ऑपरेशन को गति देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि लापता चालक की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता है और अभियान लगातार जारी रहेगा।
