उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को देश के लिए “स्वर्णिम युग” की संज्ञा दी। देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और सक्षम राष्ट्र के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ जनकल्याण की अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, पीएम आवास योजना, जन-धन योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन योजना जैसे कार्यक्रमों से देश के करोड़ों नागरिक लाभान्वित हुए हैं। इसका नतीजा है कि भारत में गरीबी दर में 80% से अधिक की कमी आई है और 27 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के चलते भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। मेक इन इंडिया और डिफेंस एक्सपोर्ट जैसे अभियानों ने आत्मनिर्भर भारत को सशक्त आधार दिया है। उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल अपने लिए रक्षा उपकरण बना रहा है, बल्कि दुनिया को भी निर्यात कर रहा है।
प्रधानमंत्री के साहसिक निर्णयों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने अनुच्छेद 370 की समाप्ति और तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की रैंकिंग 142 से सुधरकर 63 पर पहुंची है। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए नई कर व्यवस्था में ₹12.75 लाख तक की आय पर टैक्स से छूट दी गई है।
बुनियादी ढांचे में हुई प्रगति को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के 99% गांव सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई सेवाओं का भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33% आरक्षण देकर सशक्तिकरण का मार्ग खोलता है। साथ ही 2 ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना दिया है।
उत्तराखंड में चल रहे विकास कार्यों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में तीव्र गति से परियोजनाएं पूरी की जा रही हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे जैसे प्रोजेक्ट तीर्थयात्रियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाओं का नया अध्याय खोलेंगे।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि आने वाले वर्षों में मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत और उत्तराखंड विकास के और भी ऊंचे शिखरों को छुएंगे।