Badrinath Dham Yatra: चमोली पुलिस अलर्ट मोड पर, एटीएस की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़

आगामी दिनों में शुरू होने जा रही श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। यात्रा के सफल संचालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बहु-स्तरीय तरीके से मजबूत किया गया है।

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्लान लागू किया है। सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है तथा नियमित चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आतंकवादी निरोध दस्ता (एटीएस) को भी तैनात कर दिया गया है। एटीएस की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो गई है तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई की पूरी तैयारी की गई है।

चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त करते हुए कहा है कि वे निश्चिंत होकर यात्रा करें, उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

चारधाम यात्रा को सुरक्षित और यादगार बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ तैनात है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—“आस्था का रास्ता सुरक्षित, क्योंकि हम हैं आपके साथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *