Kedarnath Dham: पंचमुखी डोली गौरीकुंड के लिए रवाना, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

आस्था और श्रद्धा के केंद्र श्री केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह चरम पर है। आगामी 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसी क्रम में बाबा श्री केदारनाथ की दिव्य पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली आज सोनप्रयाग क्षेत्र से होते हुए गौरीकुंड के लिए प्रस्थान कर चुकी है।

डोली यात्रा के दौरान मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। परंपरा के अनुसार आज रात्रि प्रवास गौरीकुंड में किया जाएगा, जिसके बाद कल प्रातः डोली अपने अंतिम पड़ाव श्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी।

धार्मिक मान्यताओं और विधि-विधान के अनुसार आगामी 22 अप्रैल को शुभ मुहूर्त में बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का तांता धाम में लगना शुरू हो जाएगा।

प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बाबा केदारनाथ की इस पावन यात्रा को लेकर भक्तों में अपार श्रद्धा और उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं और उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *