लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर नीट, सीबीएसई और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पीक अप अभियान शुरू करते हुए युवाओं और छात्रों से सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़ने तथा बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन एवं प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि राहुल गांधी देशभर में नीट, सीबीएसई और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामलों को लेकर छात्रों के साथ हुए अन्याय और धोखे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। इसी क्रम में वह 17 जुलाई 2026 को शाम पांच बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में छात्रों को संबोधित करेंगे और उनकी समस्याओं पर संवाद करेंगे।
कांग्रेस ने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए ‘स्पीक अप’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत छात्रों और युवाओं से अपने-अपने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया गया है। पार्टी का कहना है कि यह अभियान युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का माध्यम बनेगा।
जारी संदेश में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं का सबसे अधिक नुकसान युवाओं को उठाना पड़ रहा है। पार्टी ने दावा किया कि इन घटनाओं से छात्रों में निराशा बढ़ी है और कई युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही उत्तराखंड की छात्रा रिया थापा का उल्लेख करते हुए इसे युवाओं की पीड़ा से जुड़ा गंभीर विषय बताया गया।
प्रदेश कांग्रेस ने छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से 17 जुलाई को परेड ग्राउंड पहुंचकर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने और छात्र हितों की आवाज बुलंद करने की अपील की है।
