मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और आठ का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करने के साथ ही क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण जल्द शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग बनाने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। साथ ही डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की बात कही।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए तथा अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। इससे आमजन को अपने काम के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। राजकीय महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

