अंकिता भंडारी हत्याकांड में तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है, जबकि मामले में सीबीआई जांच जारी है। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर मामले की जांच, न्यायिक कार्यवाही और सीबीआई जांच की स्थिति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सितंबर 2022 में वनंतरा रिजॉर्ट में हुई घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। एसआईटी ने 88 दिनों में जांच पूरी कर करीब 500 पृष्ठों का आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया।
एडीजी के अनुसार, 30 मई 2025 को कोटद्वार की अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तीनों दोषी वर्तमान में जेल में हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की संस्तुति पर केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद मामले में सीबीआई जांच शुरू हुई, जो अभी जारी है।

