भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। देहरादून में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की। संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मिशन-2027 की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं की भूमिका, संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से विकसित एवं श्रेष्ठ उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में पार्टी को सफलता मिलेगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
