उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए भी अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन तथा जलभराव का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने तीन अगस्त तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना जताते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर की भी संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश होने के आसार हैं।
लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।
बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक और बढ़ गई है।
