कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक गंगा स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में तीन नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्र में बन रहे इन घाटों का मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी ने गंगनहर बंदी के दौरान घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।
बहादराबाद में बैरियर संख्या छह के निकट करीब 200 मीटर लंबे छठ पूजा घाट का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग 300 मीटर और दुर्गा मंदिर के समीप करीब 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण कार्य चल रहा है। इन घाटों के बनने से स्थानीय नागरिकों और धार्मिक आयोजनों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान की बेहतर सुविधा मिलेगी।
स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने घाट निर्माण के लिए सरकार और मेला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

