केदारनाथ धाम में रात्रि और भोरकाल के दौरान हुई बर्फबारी से पूरी केदारपुरी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। हिमालय की चोटियों पर जमी बर्फ और धाम के चारों ओर फैली सफेदी ने यहां के प्राकृतिक सौंदर्य को और मनमोहक बना दिया है। बढ़ती ठंड और बर्फीले मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बर्फबारी थमने के बाद भी धाम में बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

श्रद्धालु पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकाॅप्टर के माध्यम से धाम पहुंच रहे हैं। बर्फ से ढकी केदारपुरी में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के साथ ही हिमालय के अद्भुत नजारों का आनंद भी ले रहे हैं। धाम में इन दिनों ठंड का प्रकोप बढ़ गया है, इसके बावजूद भक्तों में बाबा के प्रति अटूट आस्था और दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस वर्ष केदारनाथ यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 11 नवंबर को धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की अच्छी आमद रही है। अब तक कुल 18,86,223 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।

कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही यात्रा के शेष दिनों में भी श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। बर्फबारी के बीच केदारपुरी का बदला स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।