प्रदेश में सरकारी जमीनों की कथित बंदरबांट के विरोध में कांग्रेस चार नवंबर को प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों और महानगरों में सुबह 10 बजे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस ने इसके लिए प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। अभियान के तहत आईडीपीएल ऋषिकेश की 633 एकड़, डाकपत्थर की 180 एकड़ और मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की करीब 142 एकड़ भूमि सहित कई अन्य सरकारी जमीनों को मुद्दा बनाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों का निजी हितों के लिए इस्तेमाल किए जाने तथा जमीनों की बंदरबांट के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों, सरकारी संपत्तियों और जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नैनीताल में पटवाडांगर की 13.64 एकड़ भूमि और ज्योलीकोट निरीक्षण भवन पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और गुरदीप सिंह सप्पल को जिम्मेदारी दी गई है। अल्मोड़ा में मनोज तिवारी और गोविंद सिंह कुंजवाल, जबकि रानीखेत में करण माहरा अभियान का नेतृत्व करेंगे।

हल्द्वानी में एचएमटी रानीबाग की 53 एकड़ भूमि के मुद्दे पर तिलकराज बेहड़ और सुमित हृदयेश को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भीमताल में रामगढ़ की 15 एकड़ भूमि सहित अन्य स्थलों पर भुवन कापड़ी और आदेश चौहान प्रभारी रहेंगे।

देहरादून-ऋषिकेश में आईडीपीएल की 633 एकड़ भूमि के मुद्दे पर पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत को जिम्मेदारी दी गई है। विकासनगर में डाकपत्थर की 180 एकड़ भूमि को लेकर प्रीतम सिंह और मसूरी में जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की करीब 142 एकड़ भूमि को लेकर गणेश गोदियाल अभियान का नेतृत्व करेंगे।

टिहरी में धनोल्टी की 247 एकड़ भूमि के मुद्दे पर विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला, जबकि हरिद्वार में अलकनंदा होटल के समीप हरकी पैड़ी क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, ममता राकेश, अनुपमा रावत और रवि बहादुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रानीपुर क्षेत्र के सलेमपुर महदूद की 21 एकड़ भूमि के मुद्दे पर फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाति प्रभारी रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित स्थलों पर सुबह 10 बजे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों की रक्षा करना प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।