मौसम साफ होने के साथ ही श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा है। इस यात्रा सीजन में अब तक 18,86,223 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के अब केवल नौ दिन शेष हैं। आगामी 11 नवंबर को धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
इन दिनों मौसम अनुकूल होने पर श्रद्धालु पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ पहुंच रहे हैं। धाम में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बनी हुई है। बड़ी संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।
यात्रा के अंतिम चरण को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस ने धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखने की अपील की है। साथ ही मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने और पुलिस एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

