देहरादून के नंदा की चौकी स्थित लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मरम्मत कार्य पूरा कर यातायात सुचारु कर दिया। राहत की बात यह रही कि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित रही और केवल एप्रोच रोड का एक हिस्सा प्रभावित हुआ। राज्य सरकार ने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

प्रशासन ने घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजा। युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया और अल्प समय में क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक कर पुल पर यातायात सामान्य कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को राहत मिली।

सरकार का कहना है कि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और क्षति केवल एप्रोच रोड तक सीमित रही। साथ ही पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है। यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा और आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय और शीघ्र कार्रवाई की नीति पर कार्य कर रही है। सरकार का कहना है कि इसी सक्रियता के चलते स्थिति पर तेजी से नियंत्रण पाया गया और आमजन को न्यूनतम असुविधा हुई। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।