उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के 15 महानुभावों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा खेल, चिकित्सा, उद्यमिता, फिल्म, लोक संस्कृति, शिक्षा, पत्रकारिता, सामाजिक कार्य और पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। सभी चयनित महानुभावों को राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 के लिए राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का चयन किया गया है। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत से हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया जाएगा।
लोक संस्कृति और कला के क्षेत्र में लोक जागर गायिका हेमा नेगी करासी तथा लोक गायिका रेशमा शाह को सम्मान मिलेगा। शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को चुना गया है। सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पर्यावरणविद सुरेश भाई को सम्मानित किया जाएगा।
खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए चयनित किया गया है। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट और वंदना कटारिया, धाविका अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद तथा कपिल पोखरिया शामिल हैं।
राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में इन सभी विभूतियों को सम्मानित कर प्रदेश के विकास, पहचान और प्रतिष्ठा में उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा।

