मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मंगलवार और बुधवार के लिए अस्थायी रूप से रोक दी है। इस अवधि में सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम के लिए नए यात्रियों को रवाना नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शासन के निर्देश पर मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही वर्षा और संभावित भूस्खलन के खतरे को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित किया गया है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को केदारनाथ धाम पहुंच चुके श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है। साथ ही यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

जिले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य आपदा प्रबंधन दलों को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा यात्रा से संबंधित अद्यतन जानकारी प्राप्त करने के बाद ही आगे की योजना बनाएं।