मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें एनआईएम और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम का संयुक्त माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई दी।
संयुक्त अभियान के तहत छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना की 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ चोटी पर सफल आरोहण किया। अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया था।
वहीं, एनआईएम के नुन-कुन अभियान-2026 के तहत दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी फतह की। इसके बाद 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर भी सफल आरोहण किया। इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर तिरंगा फहराने की उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने एनआईएम की पर्वतारोहण, साहसिक खेल, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करती हैं।
