प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से अपील की है कि अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद सभी लोग अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार को देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सारथी विहार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सुपर चैकिंग के दौरान स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही मौके पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि बीएलओ और ईआरओ स्तर पर फार्म-7 का नियमानुसार निस्तारण किया गया है। उन्होंने अभियान में जुटे फील्ड स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर सभी बीएलओ पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ पुनरीक्षण कार्य में जुटे हैं।

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण आदि अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की समस्या होने पर समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह सहित बीएलओ और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।