गौरीकुंड बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने खच्चरों के जरिए की जा रही शराब की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 131 बोतल यानी 11 पेटी शराब बरामद की। पुलिस को देखकर शराब ले जा रहे दो घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को छोड़कर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी गौरीकुंड पुलिस ने बैरियर पर चेकिंग के दौरान सोनप्रयाग की ओर से आ रहे खच्चर संचालकों को रोका।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग शुरू होते ही पीछे आ रहे दो अन्य घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। तीनों घोड़ों पर लदे सामान की तलाशी ली गई तो उसमें कुल 131 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और परिवहन में प्रयुक्त घोड़ों को फाटा स्थित अश्वशाला भेज दिया।
मामले में पकड़े गए आरोपी की पहचान शेर बहादुर पुत्र दल बहादुर, निवासी कालीकोट, नेपाल, हाल निवासी सोनप्रयाग पार्किंग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस शराब के परिवहन में इस्तेमाल घोड़ों के टैग नंबर के आधार पर फरार आरोपियों और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान में जुटी है।
