उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में गुरुवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप के बाद सभी तहसीलों और थाना क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी जुटाई गई। प्रारंभिक रिपोर्ट में भटवाड़ी तहसील में ही हल्के झटके महसूस होने की पुष्टि हुई है, जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों से ऐसी कोई सूचना नहीं मिली।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भूकंप के बाद प्रशासन ने तत्काल सभी संबंधित तहसीलों और पुलिस थानों से संपर्क कर स्थिति का आकलन किया। अब तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जनपद में कहीं भी किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और संबंधित विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट मोड पर है। फिलहाल भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
