तुंगनाथ धाम की पवित्रता और प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए। यह बात विधायक आशा नौटियाल ने सोमवार को तुंगनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान कही।

विधायक के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में विकासखंड ऊखीमठ और वन विभाग के कर्मचारियों के अलावा महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने धाम और पैदल मार्ग के आसपास सफाई कर कूड़ा एकत्र किया। साथ ही श्रद्धालुओं से धाम की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की गई।

इससे पहले विधायक ने तुंगनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि तुंगनाथ धाम आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है।

अभियान की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह के अभियान स्वच्छ वातावरण के साथ सकारात्मक संदेश देते हैं। इस दौरान ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, रेंजर विमल भट्ट, बीडीओ अनुष्का, मंडल अध्यक्ष दलबीर नेगी, प्रधान गीता देवी समेत वन विभाग, विकासखंड कर्मचारी, महिला समूहों की सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।