Uttarakhand: भारी बारिश और रेड अलर्ट के चलते तीन दिन बंद रहेगा मां शाकुम्भरी देवी मंदिर

लगातार हो रही भारी वर्षा और ओलावृष्टि के चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध मां शाकुम्भरी देवी मंदिर को तीन दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मंदिर प्रबंधन समिति ने 29 से 31 मई  तक मंदिर में दर्शन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी सहारनपुर ने प्राप्त सूचना के अनुसार मां शाकुम्भरी देवी मंदिर एवं आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि के कारण अचानक जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी भारी वर्षा और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है।

उन्होंने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में मंदिर क्षेत्र में जलभराव, फिसलन और अचानक जलप्रवाह बढ़ने से दुर्घटना एवं जनहानि की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए एहतियातन मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान मंदिर की यात्रा से बचें और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की भी अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद मंदिर में दर्शन व्यवस्था को पुनः सुचारु किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *